चंदौसी (संभल)। सर्दी ने अपना सितम दिखाना शुरू कर दिया है। करीब एक सप्ताह से पड़ रही कड़ाके की ठंड की वजह से बाजार में हीटर और ब्लोअर की मांग बढ़ गई है। सबसे ज्यादा फैन हीटर को लोग पसंद कर रहे हैं। यह देखने में आकर्षक हैं। इसकी कीमतें एक हजार रुपये से शुरू हैं। इसके अलावा भी ठंड से बचाव के लिए बहुत से नए उपकरण बाजार में मौजूद हैं।
मौसम ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। सर्द हवाओं और ठंड के साथ गलन से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। लोगों को सर्दी में तमाम दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। ऐसे में सर्दी से बचाव करने वाले संसाधनों की मांग बढ़ गई है। यहां गलन भरी ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा ले रहे हैं। वहीं घरों में लोग अलाव से ज्यादा रूम हीटर व ब्लोअर को पसंद करते हैं। वजह धुएं के झंझट से जहां लोगों को जूझना नहीं पड़ता है, वहीं पर्याप्त गर्माहट भी मिलती है। ऐसे में इलेक्ट्रिक दुकानों पर हीटर और ब्लोअर की मांग बढ़ गई है। बीते छह से सात दिन के अंदर हीटर और ब्लोअर की बिक्री में जबरदस्त उछाल आ गया है। ब्रांडेड कंपनियों के हीटर व ब्लोअर की बिक्री सबसे ज्यादा है। इसमें उन्हें गारंटी भी मिल रही है। मौसम में बढ़ी ठंडक के साथ ही लोग अलाव व रूम हीटर व ब्लोअर को सहूलियत के साथ ही उपयोग में लाने लगे हैं। ऐसे में इलेक्ट्रानिक बाजार में गर्माहट आई है। बाजार में एक से लेकर नौ हजार तक के उपकरण इन दिनों उपलब्ध है।
ये आइट हैं मौजूद
शहर के इलेक्ट्रिक दुकानों पर 100 रुपये से लेकर ब्रांडेड कंपनियों के 9800 रुपये तक के रूम हीटर उपलब्ध हैं। इनमें ब्लोअर 1000 रुपये, सन हीटर 900 रुपये, हेलोजन थ्री रॉड वाली 1400 रुपये, फैन हीटर 100 रुपये, हीट प्लर 1600 रुपये, ओएफआर 9800 रुपये का है।
बोले दुकानदार
इन दिनों केवल रूम हीटर व ब्लोअर की ही बिक्री ज्यादा हो रही है। एक हजार रुपये से लेकर 1500 रुपये तक के हीटर व ब्लोअर उपलब्ध हैं। इसमें कई वैरायटी हैं। सबसे ज्यादा लोग फैन हीटर पसंद कर रहे हैं। -रोमी छाबड़ा, दुकानदार
सन हीटर के साथ ब्लोअर की मांग ज्यादा है। तीन रॉड वाले हीटर को लोग ज्यादा पसंद कर रहे हैं। हमारे यहां ब्रांडेड कंपनियों के रूम हीटर हैं। जिनमें एक ओएफआर हीटर है, जो ऑक्सीजन के लेवल को बरकरार रखता है। -सनी राजपाल, दुकानदार