संभल। जिले में 28 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और 5 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 2508 मरीजों का निशुल्क उपचार हुआ। इनमें सबसे ज्यादा 412 त्वचा रोगी रहे। मेले में लाभार्थियों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड भी बनाए गए।
स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 36 डॉक्टरों और 121 पैरामेडिकल स्टाफ ने ड्यूटी की। 941 पुरुषों, 1022 महिलाओं और 545 बच्चों का निशुल्क उपचार किया। बुखार के 237, त्वचा रोग के 412, दमा के 333, मधुमेह रोग के 100, नेत्र रोग के 16, उच्च रक्तचाप के 53 मरीज देखे गए। बुखार को लेकर 25 मरीजों की मलेरिया तथा 17 रोगियों की डेंगू की जांच की गई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव रही।
आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के तहत 200 लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड तथा 197 आभा आईडी बनाए गए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर परिवार नियोजन संबंधी परामर्श व सामग्री के लिए अलग से काउंटर की व्यवस्था रही। आशाओं ने सोर्स रिडक्सन एवं संचारी रोगों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया। एक युद्ध नशे के विरुद्ध के तहत 152 लोगों को तंबाकू छोड़ो परामर्श दिया। मेले का सीएमओ डॉ. तरुण पाठक आदि ने निरीक्षण किया।