फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sambhal News: स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जिला अस्पताल में आठ बेड का वार्ड तैयार

Wed, 26 Aug 2026 02:09 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, संभल
विज्ञापन
विज्ञापन
संभल। यूपी में स्वाइन फ्लू के 337 मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संभल में भी सतर्कता बढ़ा दी है। संदिग्ध मरीजों की पहचान और उपचार के लिए जिला अस्पताल में मुकम्मल इंतजाम किए गए हैं। मरीज मिलने पर उनके उपचार के लिए आठ बेड का वार्ड आरक्षित किया गया है। इसके अलावा बुखार के संबंध में प्रतिदिन होने वाली जांचों की संख्या बढ़ाई गई है।
विज्ञापन

दरअसल, बारिश और मौसम में बदलाव के बीच जिले में बुखार, खांसी, जुकाम, गले में खराश और शरीर में दर्द जैसी शिकायतों के मरीजों की संख्या बढ़ी है। संदिग्ध मरीजों की समय रहते पहचान और उपचार के लिए सीएचसी से लेकर जिला अस्पताल तक जांच की सुविधा दुरुस्त करने पर जोर है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, स्वाइन फ्लू को लेकर जिले में सर्विलांस व्यवस्था को सक्रिय किया जा रहा है। बुखार, खांसी, जुकाम और सांस संबंधी मरीजों पर विशेष नजर रखी जाएगी। अस्पतालों में आने वाले ऐसे मरीजों की स्थिति की निगरानी करने के साथ ही जरूरत पड़ने पर उनकी जांच कराई जाएगी, जिससे संक्रमण की पुष्टि होने पर समय से उपचार शुरू किया जा सके।
विज्ञापन

जिला अस्पताल के कार्यवाहक सीएमएस डॉ. राजेंद्र सैनी ने बताया कि इन दिनों बुखार के मरीज अधिक आ रहे हैं। लगातार तीन दिन तक बुखार न उतरने वाले मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। अस्पताल में 25 मरीज भर्ती भी किए गए हैं। अस्पताल में आठ बेड का वार्ड आरक्षित किया गया है। ताकि स्वाइन फ्लू के मरीज आने पर उनका उपचार किया जा सकें।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. मनोज चौधरी ने बताया कि बारिश के बाद मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। दिन और रात के तापमान में अंतर के साथ ही वातावरण में नमी बढ़ने से सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीज भी बढ़े हैं। ऐसे में सामान्य वायरल और स्वाइन फ्लू के लक्षणों में समानता होने के कारण मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
0000000

इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

स्वाइन फ्लू की आशंका होने पर बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, शरीर में दर्द, कमजोरी और थकान जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। कुछ मरीजों में सांस लेने में परेशानी भी हो सकती है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि ऐसे लक्षण होने पर खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लेना अधिक सुरक्षित है। खासतौर पर जिन मरीजों को तेज बुखार के साथ सांस लेने में दिक्कत हो, उन्हें तत्काल चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए। संवाद


0000000
सीएचसी से जिला अस्पताल तक बढ़ेगी निगरानी

जिले में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग सीएचसी और जिला अस्पताल स्तर पर व्यवस्थाएं मजबूत करने में जुटा है। संदिग्ध मरीजों की पहचान के साथ उनकी जांच और उपचार की प्रक्रिया को व्यवस्थित किया जा रहा है। आने वाले दिनों में विभागीय गाइडलाइन के अनुसार जांच और निगरानी की व्यवस्था को और प्रभावी किया जाएगा। संवाद
00000
कोट
विभागीय स्तर से जो भी गाइडलाइन जारी होगी, उसका पालन कराया जाएगा और उसी के अनुसार स्वाइन फ्लू की रोकथाम और नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल जिला अस्पताल में आठ बेड का वार्ड आरक्षित किया गया है। -डॉ. तरुण पाठक, सीएमओ, संभल
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें