संभल। क्षेत्र के गांव रेहटोल स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें डाॅक्टरों ने 160 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर दवाई दी। साथ ही बचाव के लिए सुझाव दिए।
बुधवार को स्वास्थ्य शिविर में खांसी, बुखार और जुकाम के अलावा आंखों की समस्या के मरीज पहुंचे। डॉ. सचिन गौतम ने बताया कि मौसम बदल रहा है। इसलिए खांसी, जुकाम, बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। बताया कि ज्यादातर मरीज बदलते मौसम की वजह से बीमार हुए हैं। चिकित्सकों ने मरीजों को सुबह-शाम की ठंड से बचने के साथ ही ठंडे पेय पदार्थ का सेवन न करने की सलाह दी। नेत्र चिकित्सक सतीश कुमार ने कहा कि मौसम में बदलाव की वजह से आंखों में संक्रमण हो जाता है। उन्होंने आंखों की सफाई करने की सलाह दी। इस दौरान स्टाफ नर्स छमा सिंह, मार्शल मैसी आदि आदि मौजूद रहे।