संभल। संभल जिले के सरायतरीन में 30 सितंबर और पहली अक्तूबर को एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत उद्यम समागम का आयोजन होगा। यह एक तरह का हस्तशिल्प मेला है जहां पर संभल और सरायतरीन के हस्तशिल्पियों द्वारा तैयार किए गए उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। प्रस्तावित आयोजन की तैयारी के लिए जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त अमित मोहन मिश्रा गुरुवार को संभल पहुंचे।
सरायतरीन में उन्होंने आयोजन स्थल को चयनित करने के लिए स्थान का निरीक्षण किया। साथ में उद्यमियों के साथ संवाद किया। उत्तर प्रदेश सरकार ने एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत संभल जिले में 25 व 26 सितंबर को उद्यम समागम कराने का आदेश जारी किया था। इसकी तिथि में अब बदलाव किया गया है। नए आदेश के मुताबिक 30 सितंबर और पहली अक्तूबर को सरायतरीन में मेला लगेगा। उद्यम समागम स्थल पर हस्तशिल्प के पचास और अन्य उद्योगों के 50 स्टाल लगाए जाने हैं। बैंकर्स, खादी ग्रामोद्योग और जिले के अन्य उद्योगों के 50 स्टॉल लगाए जाने थे।
उद्यमियों का सरकारी तंत्र के साथ संवाद कराने और सरकार की योजनाओं का प्रचार कराने के लिए उद्यम समागम होना है। खरीदार और विक्रेता को मंच उपलब्ध कराने का भी इस आयोजन का मकसद है।
उद्यम समागम को आयोजित करने की प्रदेश सरकार की घोषणा से संभल और सरायतरीन के उद्यमी उत्साहित हैं। जिले के उद्यम प्रोत्साहन विभाग के उपायुक्त अमित मोहन मिश्रा ने सरायतरीन का दौरा करके तैयारियों के लिए उद्यमियों की बैठक की है। बैठक में ताहिर सलामी, कमल कौशल वार्ष्णेय, सुहेल परवेज समेत कई उद्यमियों ने भागीदारी की। सभी ने कहा कि 30 सितंबर और पहली अक्तूबर को हस्तशिल्प के उत्पादों की प्रदर्शनी रहेगी। जिले के हस्तशिल्पियों की कला से सीधे परिचित होने के लिए प्रदर्शनी स्थल पर आम लोग भी जा सकेंगे।