संभल। उद्यम समागम एवं ओडीओपी (हस्तशिल्प) प्रदर्शनी का आयोजन जिले में पहली बार किया गया। प्रदर्शनी में स्टॉल लगाकर सजाई गईं देश-विदेश की हस्तशिल्प कला की वस्तुओं ने मन मोह लिया। हस्तशिल्प की ऐसी कारीगरी देखकर अतिथि भी अंचभित रह गए। प्रदर्शनी में पहुंची मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार में माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने हस्तशिल्प की ऐसी कारीगरी देखकर उद्योग के विकास के लिए सरकार की ओर से विशेष व्यवस्था कराए जाने का भरोसा दिलाया।
सोमवार को बहजोई रोड स्थित रॉयल पैलेस में लगी प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री गुलाब देवी, गुन्नौर भाजपा विधायक अजीत कुमार राजू, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी और जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया। राज्यमंत्री गुलाब देवी ने कहा कि जिस तरह मुरादाबाद पीतल उद्योग के लिए प्रसिद्ध है, उसी तरह संभल हड्डी सींग के लिए देश ही नहीं विश्व में भी प्रसिद्ध है।
शिल्पकारों के द्वारा ऐसी प्रदर्शनी वाकई अद्भुत है। इनकी कारीगरी की जितनी प्रशंसा की जाए वह कम है। ऐसा लगता है कि संभल में मुख्यमंत्री के प्रयास को साकार रूप दिया गया है। जिला प्रशासन ने ऐसे कार्य को बड़े कम वक्त में कराया, इसके लिए जिलाधिकारी भी बधाई के पात्र हैं। इस उद्योग को और ऊंचाई पर ले जाने की आवश्यकता है। इसमें महिलाओं की भी भागीदारी होनी चाहिए।
इसके लिए वह कैबिनेट मंत्री सतीश महाना से मिलकर हस्तशिल्प उद्योग को बढ़ावा दिए जाने की दिशा में पैरवी करेंगी। गुलाब देवी ने कहा कि शासन की मंशा के मुताबिक जिला प्रशासन प्लास्टिक पर पाबंदी की दिशा में सख्ती करे तथा प्लास्टिक से मुक्त कराने में अपनी भूमिका निभाए। यह जनमानस के लिए बड़ा खतरा है। लास्टिक देश व प्रदेश से समाप्त होनी चाहिए।
इस दिशा में सरकार के प्रयासों में सहयोग प्रदान करें। न तो खुद प्लास्टिक का प्रयोग न करें और लोगों को भी इसके प्रयोग से बचने के लिए जागरूक करें। राज्यमंत्री ने प्रदर्शनी में मौजूद छात्राओं से आह्वान किया कि वह जिस क्षेत्र में जो करना चाहती हैं करें, सरकार उनके साथ है। फिर चाहे वह इंजीनियर बनना चाहें या डाक्टर। किसी भी प्रकार की कोई अड़चन नहीं आने दी जाएगी। सरकार की ओर से हरसंभव मदद दी जाएगी। भाजपा की सरकार सबका साथ और सबका विकास करना चाहती है और इसी के तहत सबका साथ सबका विकास किया जा रहा है। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश सिंघल, जयप्रकाश प्रजापति, कमल कौशल वार्ष्णेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
हड्डी-सींग से तैयार वस्तुएं देख आश्चर्यचकित हुए अतिथि
प्रदर्शनी में हड्डी-सींग से तैयार वस्तुएं देख अतिथि भी आश्चर्यचकित हो गए। टेबिल लैंप हो या हाथ में पहनने के कड़े या फिर अन्य कोई सामान। सबकी छटा निराली थी। देखने में इतनी लाजवाब और सुंदर वस्तुएं कि मन खरीदने के लिए मचल उठे। उत्पादों की सुंदरता ऐसी कि हस्तशिल्प की कला शायद ही पहले कहीं और देखने को मिली हो। वॉयर्स के साथ स्कूली बच्चों ने भी प्रदर्शनी में वस्तुओं का अवलोकन किया। तमाम उत्पाद देखे और खरीदे गए।
प्रदर्शनी में कई स्कूलों के बच्चों हुए शामिल
जिले में पहली बार हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी में कई स्कूलों के बच्चों ने प्रतिभाग किया। हयात नगर के उम्मेदराय इंटर कालेज, शंकर भूषण इंटर कालेज समेत कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी में लगे स्टालों में सजे एक से बढ़कर एक सुंदर हस्तशिल्प उत्पाद को देखा। शिक्षक पीयूष वार्ष्णेय ने बताया कि छात्र-छात्राओं को हस्तशिल्प से बने उत्पाद बेहद ही आकर्षित लगे। खासकर छात्राओं ने कुछ कम कीमत वाले उत्पादों की खरीदारी भी की।
बायर्स और अतिथियों का रुझान देख निर्यातकों को बिक्री की उम्मीद
संभल। प्रदर्शनी में जिन उत्पादों को सजाया गया उनके अवलोकन करने में वॉयर्स और अतिथियों का रुझान देखकर निर्यातकों में उम्मीद जाग उठी। निर्यातकों को उम्मीद है कि प्रदर्शनी के बाद किसी न किसी वस्तुओं की बिक्री में तेजी आएगी। निर्यातक कई तरह के उत्पाद बाजार में उतारेंगे।
उद्यम विभाग के अफसरों के साथ एसडीएम को मिली सराहना
जिले में पहली बार जिस तरह से हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई और जिस तरह उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। उससे न सिर्फ अतिथि और वॉयर्स आकर्षित दिखाई दिए, बल्कि जिला प्रशासन भी गदगद नजर आया। यही वजह रही कि जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने मंच से ही उद्यम विभाग के अफसरों समेत संभल के एसडीएम दीपेंद्र यादव को बधाई देते हुए सराहना की। इससे अफसरों में खासा उत्साह दिखाई दिया।