चंदौसी(संभल)। परिषदीय स्कूलों में आधी-अधूरी तैयारियों के बीच बुधवार को अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गईं। पहले दिन कक्षा एक से पांचवीं तक के बच्चों की मौखिक और कक्षा छह से आठवीं तक के बच्चों की लिखित परीक्षा हुई। बनियाखेड़ा ब्लॉक के ज्यादातर स्कूलों में कक्षा छह से आठवीं तक के प्रश्न पत्र बच्चों को उपलब्ध नहीं हो सके। शिक्षकों को ब्लैक बोर्ड पर प्रश्न लिखने पड़े।
जिले में करीब 1289 प्राथमिक, उच्च माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय हैं। जिनमें करीब 1, 62,000 छात्र- छात्राएं शिक्षा ग्रहण करते हैं। इन बच्चों की अर्द्धवार्षिक परीक्षा बुधवार से शुरू हो गई। सुबह की पाली 9:15 से 11:30 बजे में कक्षा एक से पांचवीं तक के बच्चों की सभी विषयों की मौखिक परीक्षा और छह से आठवीं तक के बच्चों की कृषि व ग्रह विज्ञान की परीक्षा हुई, जबकि द्वितीय पाली में 12:30 से 2:30 तक कक्षा छह से आठवीं तक के बच्चों की खेल व शारीरिक शिक्षा/स्काउटिंग विषय की परीक्षा हुई।
बनियाखेड़ा ब्लॉक के ज्यादातर स्कूलों में अव्यवस्थाएं हावी रहीं। अधिकांश स्कूलों में कक्षा छह से आठ तक के बच्चों को प्रश्नपत्र तक नहीं मिल सके, जिससे परीक्षा समय पर शुरू ही नहीं हो पाई। शिक्षकों को ब्लैकबोर्ड पर सवाल लिखकर परीक्षा करानी पड़ी।
-
एक-दूसरे से सटकर परीक्षा देते दिखे बच्चे
परिषदीय विद्यालयों की अर्द्धवार्षिक परीक्षा बुधवार से शुरू हो गईं। पहले दिन जहां एक ओर कक्षा छह से आठ तक के प्रश्न पत्र बच्चों को उपलब्ध नहीं हो सके। वहीं कई विद्यालयों में जगह की कमी की वजह से बच्चे एक दूसरे से सट बैठे दिखे और परीक्षा देते नजर आए। जिससे बच्चे एक दूसरे की कॉपी में झांक कर नकल करते दिखाई दिए। आलम ये रहा कि परीक्षा गंभीर न होकर केवल औपचारिकता बनकर रह गई हो।
-
संबंधित अफसरों के नहीं उठे मोबाइल नंबर
अव्यवस्थाओं के साथ शुरू हुई परिषदीय विद्यालयों की परीक्षाओं को लेकर जब बीएसए अलका शर्मा और बीईओ देवेंद्र कुमार से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो किसी ने भी कॉल रिसीव नहीं की।
-