ट्रक व बस समेत कई वाहनों के शीशे तोड़े। सूचना पर पहुंची एसपी व स्थानीय पुलिस से कांवड़ियों की जमकर नोकझोंक हुई। ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन के बाद गुस्साए कांवड़िये बमुश्किल माने। इस बीच घंटे भर एनएच पर जाम रहा और डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पूरा मामला कलक्ट्रेट व एसपी आवास के सामने दिन में करीब पौने बारह बजे का है।
गुरुवार सुबह पौने बारह बजे करीब महाशिवरात्रि को लेकर नगर में मुरादाबाद-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पजाया के निकट चंदौसी की ओर से आ रहे एक ट्रक ने कांवड़ियों के वाहन में साइड मार दी। इसको लेकर ट्रक चालक व कांवड़ियों में कहा-सुनी हो गई। बात बढ़ने लगी और गुस्साए कांवड़ियों ने कलक्ट्रेट के सामने पहुंचकर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे कोतवाल धर्मेंद्र कुमार व सिटी इंचार्ज आरके यादव ने गुस्साए कांवड़ियों को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन कांवड़िया नहीं माने। कांवड़िया भगवान गणेश की प्रतिमा रखकर जमीन पर बैठ गए।
करीब आधा घंटे बाद एसपी बालेंदु भूषण सिंह ने मौके पर पहुंचकर कांवड़ियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन कांवड़िया नहीं माने। इस पर एसपी ने कड़े तेवर दिखाए, तो कांवड़िया और उग्र हो गए। इसके बाद बमुश्किल कांवड़ियों को ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, तब दोपहर सवा बजे करीब कांवड़िए माने और जाम हटाया। इस बीच सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार रही। पुलिसकर्मियों ने एक-एक वाहन को निकाला और यातायात सुचारू करवाया। इस बीच चंदौसी निवासी गुड्डू के हाथ की अंगूठे में चोट आई। इस बीच कांवड़ियों ने एक निजी बस व ट्रक समेत कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए।