चंदौसी (संभल)। एटीएम के कैश डिस्पेंसर में प्लेट लगाकर रुपये चोरी करने वाले बदायूं निवासी सनी सिंह चौहान और दिल्ली के नीरज ने धोखाधड़ी का तरीका सोशल मीडिया से सीखा था। साथ ही दोनों आरोपी लोगों को गुमराह कर एटीएम कार्ड बदलकर भी रकम उड़ा देते थे। शनिवार को एसपी कुलदीप सिंह गुनावत ने खुलासा करते हुए दोनों को जेल भेज दिया है।
चंदौसी के आजाद रोड पर आईडीबीआई बैंक के एटीएम मशीन में बीते कई दिनों से कैश डिस्पेंसर (पैसे निकासी वाले स्थान) पर प्लेट लगाकर लोगों के पैसे हड़पने की शिकायत मिल रही थी। शुक्रवार को दो लोगों को बैंक कर्मियों की मदद से पुलिस ने पकड़ लिया। एसपी कुलदीप सिंह गुनावत ने खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी सनी सिंह निवासी दबतोरी थाना बिसौली जनपद बदायूं और नीरज प्रताप सिंह निवासी उपवन अपार्टमेंट सेक्टर 28 थाना प्रहलादपुर जनपद रोहणी दिल्ली को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उन्हें इस तरह ठगी करने का आइडिया सोशल मीडिया पर वीडियो देखने के बाद आया। जिसके बाद आरोपियों ने फाइबर सीट से प्लेट बनाकर एटीएम में धोखाधड़ी शुरू कर दी। टीम में प्रभारी निरीक्षक अतर सिंह, एसएसआई सदाकत अली, एसआई सचिन भाटी, हेड कांस्टेबल तेज सिंह, कांस्टेबल अजय कुमार, हरपाल सिंह आदि रहे।
एटीएम कार्ड बदलकर भी करते थे ठगी
चंदौसी पुलिस को आरोपियों के पास से 14 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। इनमें कुछ एटीएम कार्ड के क्लोन थे। जिन्हें आरोपी भोलेभाले लोगों को अपनी बातों में फंसाकर उनके कार्ड से बदलकर पैसे निकाल लेते थे। आरोपी ऐसे लोगों की तलाश में रहते हैं, जिन्हें एटीएम से पैसे निकासी की जानकारी नहीं है। उन्हें मीठी मीठी बातों में फंसाकर उसका एटीएम कार्ड अपने फर्जी कार्ड से बदल लेते हैं। साथ ही उनका पिन नंबर भी जान लेते हैं। फर्जी कार्ड को मशीन में डालकर आरोपी पैसे निकालने का दिखावा करते हैं। बाद में व्यक्ति को फर्जी एटीएम देकर रफूचक्कर हो जाते हैं। उसके बाद उक्त व्यक्ति के कार्ड से पैसे निकाल लेते हैं।
ये सामान मिला
14 एटीएम कार्ड, 24960 रुपये, पैनकार्ड, दो मोबाइल, फाइबर पट्टी काले रंग की टेप लगी और एक कार बरामद हुई है।