चंदौसी (संभल)। जारई रोड स्थित जिम को मंगलवार की रात चोरों ने निशाना बना लिया। दीवार में नकब लगाकर चोर म्यूजिक सिस्टम, प्रोटीन के डिब्बे और नकदी चोरी कर ले गए। संचालक ने बताया कि उसकी जिम में चौथी बार चोरी की घटना हुई है।
गांव असालतपुर जारई निवासी नरेश शर्मा ने बताया कि जारई रोड पर उनकी जिम है। बताया कि वह मंगलवार रात दस बजे करीब जिम बंद कर घर के लिए आ गए थे। अगले दिन सुबह साढ़े पांच बजे कार्य करने वाले चिराग ने जब जिम खोली तो दीवार में नकब लगा था। चोर जिम से कसरत का सामान, एक म्यूजिक सिस्टम, प्रोटीन के डिब्बे सहित तीन हजार रुपये की नकदी ले गए। इससे उसका करीब 75 हजार रुपये का नुकसान हो गया। पीड़ित ने बताया कि चोरों ने उसकी जिम में चौथी बार चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस को दी तहरीर में अज्ञात चाेरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। वहीं, जिम से 100 मीटर की दूरी पर तनिष्क हेल्थ केयर सेंटर में भी चोरों ने घटना को अंजाम दिया। गनीमत रहीं कि कंपाउडर के जागने की आहट सुनकर चोर सिर्फ कुछ दवाई साथ लेकर भाग निकले।