संवाद न्यूज एजेंसी
गुन्नौर (संभल)। तहसीलदार गुन्नाैर ने सारा अशरफ ने अधिवक्ता वीरेश यादव और मुनेश शर्मा पर बृहस्पतिवार को न्यायालय कक्ष में उन्हें व स्टाफ को बंधक बनाने, गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज लिया है। वहीं नामजद अधिवक्ताओं ने भी तहसीलदार के खिलाफ गाली-गलौज करने और होमगार्ड की रायफल छीनकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गुन्नौर तहसीलदार सारा अशरफ ने तहरीर शुक्रवार को तहरीर देकर बताया कि तीन सितंबर को एक मुकदमे की सुनवाई के दौरान अगली तारीख 10 सितंबर नीयत की। आरोप है कि इसी दौरान अधिवक्ता वीरेश यादव अपने दो अज्ञात साथियों के साथ न्यायालय कक्ष में घुस आए और मुकदमे में नीयत की गई तारीख को लेकर नाराजगी जताने लगे। जिस पर उन्होंने ग्राम समाज की भूमि से कब्जा हटवाने की बात कही। आरोप है यह सुनकर अधिवक्ता वीरेश यादव भड़क गए और डायस पर चढ़कर सरकारी अभिलेख खुर्द बुर्द कर दिए। साथ ही गाली-गलौज करते हुए उन्हें कुर्सी से धक्का दे दिया। जिसकी शिकायत बार एसोसिएशन और अधिकारियों से की गई। बृहस्पतिवार की सुबह फिर से अधिवक्ता वीरेश यादव और मुनेश शर्मा अज्ञात लोगों के साथ नारेबाजी करते हुए न्यायालय कक्ष में घुस आए और उन्हें व स्टाफ को कमरे में बंधक बना लिया।
जब वह और पेशगार पीछे के गेट से गाड़ी में बैठने के लिए भागे तो अधिवक्ता वीरेश यादव ने गाड़ी की खिड़की खोलकर उन्हें बाहर खींच लिया। पुलिस ने अधिवक्ता वीरेश यादव और मुनेश शर्मा के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं आरोपी अधिवक्ता वीरेश यादव की ओर से भी तहसीलदार के खिलाफ तहरीर दी गई है।
वर्जन
-तहसीलदार की तहरीर पर अधिवक्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। अधिवक्ता की ओर से भी तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। -गणेश गुप्ता, सीओ गुन्नाैर
-मेरे साथ दूसरी बार घटना हुई है। पहली घटना तीन सितंबर को हुई थी। उसकी जानकारी अधिकारियों को दी थी। दूसरी बार फिर घटना हुई है। मुझे बंधक बनाया और अभद्रता की। इसलिए रिपोर्ट दर्ज कराई है। -सारा अशरफ, तहसीलदार, गुन्नौर
-पुलिस ने अभी तक हमारी तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया है। सोमवार तक केस दर्ज नहीं किया गया तो कलमबंद हड़ताल की जाएगी और सभी न्यायालयों का बहिष्कार किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो अन्य बारों से समर्थन मांगा जाएगा।
-वीरेश यादव, अधिवक्ता, गुन्नाैर