चंदौसी (संभल)। मोहल्ला साहूकारा में बुधवार की दोपहर एक मेंथा फर्म पर मुरादाबाद जीएसटी की टीम ने छापा मारा। सूचना पर मेंथा फर्म स्वामियों में हड़कंप मच गया। वहीं बंद घर में स्थित फर्म में टीम जांच पड़ताल करती रही और कुछ बताने से इन्कार कर दिया।
बुधवार की दोपहर करीब दो बजे जीएसटी मुरादाबाद के दस अधिकारियों की टीम पांच गाड़ियों में सवार होकर मोहल्ला साहूकारा स्थित एक मेंथा फर्म पहुंची। जहां टीम एक मेंथा फर्म परिसर व आफिस के अंदर चली गई, जबकि टीम के साथ आए सुरक्षा कर्मी बाहर गेट पर खड़े हो गए। इसके बाद मेंथा फर्म का मुख्य द्वार अंदर से बंद कर दिया गया। देर रात तक छानबीन चलती रही। इस दौरान टीम के अधिकारी मिलिंद राज के नेतृत्व में वामदेव त्रिपाठी, उत्तम तिवारी, भारत भूषण, रंजय यादव, अखिलेश सिंह, राहत चांद और सीमा तिवारी, उपेंद्र आदि जीएसटी अधिकारी थे। संवाद