बहजोई। कोतवाली क्षेत्र के गांव रामगढ़ में सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई और पूरे मामले में पीड़ित की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ग्राम प्रधान समेत एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान किया गया है।
बीते दिन सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई। वीडियो में कुछ लोग एक युवक के साथ मारपीट कर रहे हैं और भीड़ उनके पीछे आ रही है। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच-पड़ताल में सामने आया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो कोतवाली क्षेत्र के गांव रामगढ़ की थी। रामगढ़ निवासी पीड़ित भानु प्रताप पुत्र शिशुपाल ने कोतवाली में तहरीर देकर दर्ज कराए गए मामले में बताया कि 20 जून 2021 को शाम साढ़े छह बजे वह अपने घर के बाहर खड़ा था तभी ग्राम प्रधान समेत कई लोग उसके पास आए और पुरानी बातों को लेकर गाली-गलौच करने लगे। विरोध करने पर मारपीट की।
इससे वह चोटिल हो गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान लव कुमार समेत केशव, सोमवीर व राकेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पूरे मामले में एक और आरोपी अंगनलाल का नाम भी सामने आया। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक ग्राम प्रधान लवकुमार समेत आरोपी अंगनलाल को गिरफ्तार कर चालान किया गया है।