पुलिस का कहना है कि झगड़ा शराब के नशे में एक दूसरे को गाली-गलौज करने पर हुआ है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर चितौरी गांव निवासी सोनू (25) का कहना है कि वह गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे अपने घर के सामने खाली प्लाट में लेटा हुआ था। तभी गांव का एक युवक आया और उसे निशाना बनाते हुए उस पर तमंचे से फायर कर दिया। दो फायर किए। एक गोली बांह में लगी।
फायर की आवाज सुनकर परिजन व अन्य गांव के लोग आ गए। उसने भी घायल होने के बाद भी आरोपी युवक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भाग गया। सोनू का कहना ह ैकि आरोपी युवक पुलिस कर्मी के परिवार से है, वह चार दिन पूर्व एक चोरी के मामले में पकड़ा गया था, लेकिन पुलिस कर्मी का बेटा होने के कारण पुलिस ने उसे बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया था। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक कुंज बिहारी मिश्रा ने बताया कि सोनू भी शराब पिए हुए लग रहा है, बताते हैं कि शराब पीकर गाली-गलौज करने को लेकर दोनों युवकों में विवाद हो गया था। सोनू का आरोप है कि गोली मारी गई है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।