संभल के दुर्गा कालोनी में चेन छीनने की घटना के बाद जानकारी देती पीड़ित महिला।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दुर्गा कालोनी में एबीआरसी की पत्नी के गले से सोने की चेन खींचकर युवक भाग गया। महिला ने शोर मचाते हुए पीछा किया लेकिन वह हाथ नहीं आया। भागते समय कुछ लोगों ने आरोपी से भागने का कारण पूछा तो वह मारपीट होने की बात कह कर भागता रहा। इस घटना की सूचना महिला के परिजनों को हुई तो वह मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटना से अवगत कराया गया। कोतवाली प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पीड़ित महिला की ओर से कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।
शनिवार को रात आठ बजे करीब कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दुर्गा कालोनी निवासी शशि पत्नी ओमप्रकाश मंदिर से पूजा कर घर लौट रही थीं। अचानक पीछे से आए युवक ने गले में पहनी दो तोला वजन की सोने की चेन पर झपट्टा मारा और लेकर भाग गया। महिला ने काफी पीछा किया लेकिन वह हाथ नहीं आया। महिला ने घटना की जानकारी अपने पति को दी। पीड़ित महिला के पति ओमप्रकाश बेसिक शिक्षा विभाग में एबीआरसी के पद पर संभल खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कार्यरत हैं। वह मोहल्ले के लोगों के साथ घटनास्थल पहुंचे और आरोपी की काफी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। उन्होंने आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं। वहीं मोहल्ले के कुछ लोगों ने बताया कि युवक जिस समय भाग रहा था तो उससे भागने का कारण पूछा तो आरोपी ने गुमराह करने के लिए मारपीट होने की बात बताई और भाग गया। जब महिला ने चेन छीनकर भागने की जानकारी दी तो आरोपी का पीछा किया लेकिन वह विक्रम पैलेस की तरफ होता हुआ गायब हो गया। पुलिस ने भी कई जगह लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। वहीं पीड़ित महिला ने करीब 70 हजार रुपये का नुकसान बताया है।