कलक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश विधान परिषद की प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था संबंधी जांच समिति के सभापति डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने बिजली विभाग की समीक्षा बैठक की। रविवार शाम हुई बैठक में 26 बिंदुओं पर बातचीत करते हुए आबादी के मुताबिक बिजली आपूर्ति दिए जाने व कैंप लगाकर विद्युत कनेक्शन दिए जाने पर जोर दिया।
खराब ट्रांसफॉर्मरों की जानकारी ली और समय रहते खराब ट्रांसफॉर्मर को बदलवाने की बात कही। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से कहा कि बिजलीकर्मी घरों व प्रतिष्ठानों आदि पर आई कार्ड के साथ ही मीटर रीडिंग लेने जाएं और बिल उपभोक्ता के परिवार के व्यक्ति को ही दें। भ्रष्टाचार व विद्युत चोरी के मामलों की जानकारी ली। साथ ही विद्युत चोरी रोकने के लिए रेंडम चेकिंग व तकनीक की मदद लेने पर जोर दिया। टीम में महिला विद्युत कर्मियों को भी रखने की बात कही। बीएसए से विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन करवाने को कहा। सभापति ने कहा कि त्रुटिपूर्ण बिलों को समय रहते ठीक कराया जाए और उपभोक्ताओं की शिकायत के समाधान पर गंभीरता दिखाई जाए। एमएलसी हरि सिंह ढिल्लो समेत जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र कुमार रिंकू, सतीश अरोरा तथा अधिकारियों में डीएम मनीष बंसल, एसपी कुलदीप सिंह गुनावत, सीडीओ कमलेश सचान समेत विद्युत अधिकारी रहे।