शहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष रोड चर्च के पास शनिवार को एक बालिका ने हिम्मत दिखाकर अनहोनी होने से रोक लिया। बालिका ने कार में खींचने की कोशिश कर रहे युवक के हाथ में दांत से काटकर खुद को अपहर्ता के चंगुल से छुड़ाया।
इसके बाद शोर मचाते हुए बालिका ने घर की ओर दौड़ लगा दी। आसपास के लोग दौड़े तो कार सवार भाग निकले। पुलिस वारदात से अनभिज्ञता जता रही है, जबकि परिजन चिंतित नजर आ रहे हैं।
बरेली जिले के कस्बा मीरगंज निवासी ओमप्रकाश पुत्र रामगोपाल मालगोदाम रेलवे कालोनी के पास काली मंदिर में पुजारी है। वह परिवार के साथ मंदिर परिसर में ही रहते हैं। ओमप्रकाश के पिता रामगोपाल गोलागंज शिवमंदिर पर पुजारी हैं। शनिवार सुबह करीब सात बजे पुजारी ओम प्रकाश की आठ वर्षीय बेटी मीनाक्षी प्रतिदिन की तरह शनिवार को भी गोलागंज मंदिर की सफाई करके लौट रही थी।
सुभाष रोड चर्च के पास उसकी साइकिल की चेन उतर गई। साइकिल रोककर मीनाक्षी चेन सही कर रही थी, इसी दौरान वहां एक सफेद रंग की कार आकर रूकी। कार में चालक समेत तीन लोग थे। कार से उतरकर एक युवक मीनाक्षी के पास पहुंचा और उसका हाथ से मुंह बंद करके कार की ओर खींचने लगा।
इससे पहले तो मीनाक्षी घबरा गई लेकिन फिर हिम्मत कर उसने युवक के हाथ में काट लिया। जिससे युवक की पकड़ ढीली पड़ गई और छात्रा वहां से भाग खड़ी हुई। युवक ने पीछा करने की कोशिश की लेकिन तब तक मीनाक्षी अपने घर के निकट पहुंच चुकी थी, शोर मचाने लगी थी।
जिससे युवक कार में सवार होकर स्टेशन की ओर भाग निकला। परिजनों ने जानकारी लेनी चाही लेकिन मीनाक्षी इतना घबरा गई थी कि उसकी आवाज भी नहीं निकल रही थी। काफी देर में सामान्य होने पर पूरे मामले की जानकारी दी। परिजन इस वारदात से चिंतित हैं, उन्हें समझ में नहीं आ रही कि उनकी बालिका को कोई क्यों उठाकर ले जाना चाहता था।
इधर प्रभारी निरीक्षक अनिल समानिया ने बताया कि इस तरह की कोई वारदात उनके संज्ञान में नहीं है। न ही बालिका के परिजन कोतवाली आए हैं। अगर आते हैं तो मामले की जांच की जाएगी।