जनेटा। पेट में दर्द की शिकायत पर परिजन युवती को मुरादाबाद ले गए। वहां से दवाई दिलाकर लाते समय दोबारा तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। युवती की रविवार को बरात आनी थी। युवती की मौत दोनों घरों में शादी की तैयारी धरी की धरी रह गई। शादी की खुशियां मातम में बदल गई।
थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव जनेटा निवासी एक ग्रामीण की लड़की की शादी तय हो गई थी। रविवार को युवती की शादी होनी थी। दोनों ओर से शादी की तैयारी जोरशोर से चल रही थीं। शुक्रवार शाम को अचानक युवती के पेट में तेज दर्द हुआ। गांव में चिकित्सकों को दिखाया तो उसे चंदौसी ले जाने की सलाह दी। चंदौसी में निजी चिकित्सक के पास पहुंचे तो वहां भर्ती करने के लिए बैड नहीं था। चिकित्सकों ने दवाई देकर रेफर कर दिया। परिजन उसे मुरादाबाद ले गए। वहां आराम होने पर परिजन दवाई लेकर वापस आ रहे थे।
मुरादाबाद से आते समय उसकी अचानक से तबीयत फिर बिगड़ गई। परिजनों ने रास्ते में ही मुरादाबाद क्षेत्र के ढींगरपुर में सरकारी अस्पताल में उसे दिखाया, तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत की खबर से उनके घर में व लड़के पक्ष के घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गई। परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है। शादी की तैयारी धरी की धरी रह गई।