चंदौसी(संभल)। कोतवाली क्षेत्र के बहजोई रोड पर सिम्स कॉलेज के निकट शनिवार की रात सेनाकर्मी की बुलेट मोटरसाइकिल की टक्कर से स्कूटी सवार बालिका और उसका उसका फुफेरा भाई सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान सामने से आ रहा ट्रक बालिका को कुचल कर चला गया। ट्रक से कुचल कर हर्षिता (10) की मौत हो गई। जबकि फुफेरा भाई और फौजी घायल हो गए। कोतवाली पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने हालत गंभीर होने पर मृतक बालिका के फुफेरे भाई देव को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
ओडीशा प्रांत के रहने वाले हरिओम शर्मा की पत्नी मंजू अपनी 10 वर्षीय बेटी हर्षिता और तीन वर्षीय बेटे विराट के साथ शनिवार की रात चंदौसी के वैशाली नगर निवासी अपने ननदोई प्रमोद शर्मा के घर आ रही थीं। वह ट्रेन से मथुरा स्टेशन उतरी और वहां से रात साढ़े नौ बजे रोडवेज बस से चंदौसी आई थीं। यहां बहजोई रोड पर सिम्स कॉलेज के निकट बस से उतर गईं। प्रमोद और उनका बेटा देव मंजू और मंजू के बच्चों को बुलाने के लिए गए थे।
प्रमोद की बाइक पर मंजू अपने दुधमुंहे बेटे साथ बैठ गईं। जबकि बेटे देव की स्कूटी पर हर्षिता बैठ गई। अभी कुछ ही दूरी तक पहुंच पाए थे। उसी समय चंदौसी की ओर से आ रहे सेनाकर्मी सुनील कुमार निवासी गांव नगला खाकम थाना बनियाठेर की बुलेट बाइक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। जिससे देव और हर्षिता सड़क पर जा गिरे। उसी समय चंदौसी की ओर से आ रहे ट्रक का पहिया हर्षिता के ऊपर से उतर गया। हर्षिता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि देव और सेनाकर्मी सुनील घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर बहजोई की ओर चला गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने देव को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।