चंदौसी। समाज कल्याण राज्यमंत्री गुलाब देवी ने कल्कि महोत्सव शुरू होेने से पहले संभल जिले का नाम बदलकर कल्कि नगर करने की मांग की है। उन्होंने इसलिए मुख्यमंत्री से फोन पर बात की है। इलाहाबाद के बाद फैजाबाद का नाम बदलने से सियासत तेज हो गई है। भाजपा से जुड़े तमाम नेता अलग-अलग जिलों का नाम बदलने को हवा दे रहे हैं। संभल जिले के लिए नाम बदलना कोई नई बात नहीं है, क्योंकि सूबे की मायावती सरकार ने 29 सितंबर-2011 को जब नया जिला सृजित किया था, तो जिले का नाम भीम नगर रखा था। सपा की अखिलेश यादव सरकार ने भीमनगर का नाम बदलकर संभल रख दिया लेकिन अब एक बार सियासत शुरू हो गई है। हाल ही में इलाहाबाद और फैजाबाद का नाम बदलने वाली योगी आदित्यनाथ की सरकार की समाज कल्याण राज्यमंत्री गुलाब देवी ने संभल का नाम बदलकर कल्किनगर रखने की मांग कर दी है। राज्यमंत्री का कहना है कि वेदों और पुराणों में वर्णित है कि भगवान श्रीहरि विष्णु का दसवां अवतार श्रीकल्कि के रूप में संभल क्षेत्र में ही होगा।