काम करने से मना करने पर धमकाया गया। पीड़ित महिला ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
घरेलू काम काज कर परिवार का पेट पालने वाली महिला ने पंजाबी कालोनी निवासी एक महिला पर गंभीर आरोप लगाया है। नगर के मोहल्ला खुर्जा गेट निवासी राजकुमारी ने बताया कि वह पंजाबी कालोनी स्थित एक घर में पांच सौ रुपये महीने पर चौका बर्तन करती है। लंबे समय से इच्छा के विरुद्घ उससे कामकाज कराया जा रहा था। मना करने पर धमकी दी जा रही थी।
राजकुमारी ने बताया कि बुधवार को काम करने से मना करने पर गृहस्वामिनी ने दोपहर एक बजे बंधक बना लिया। राजकुमारी ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद घर का दरवाजा खुला देख शाम सात बजे भागने में सफल हुई।
मोहल्ले में आकर सबको आपबीती सुनाई। इसके बाद मोहल्ले वालों के कहने पर कोतवाली आकर पुलिस को सूचना दी है। राजकुमारी ने बताया कि पति टीवी के मरीज हैं। पांच बच्चों के लालन-पालन की जिम्मेदारी भी उसी पर है। राजकुमारी ने महिला से जान माल का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।