संभल। गैंगस्टर की संपत्ति कोतवाली पुलिस ने जब्त की है। जब्त की गई संपत्ति की कीमत प्रशासन ने करीब 21 लाख रुपये आंकी है। पुलिस का कहना है कि मियां सराय निवासी रेहान सक्रिय गो तस्कर है। जो संपत्ति अर्जित की गई है वह गो तस्करी से अर्जित की गई है। यह कार्रवाई जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर की गई। इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी दो थानों की फोर्स के साथ मौजूद रहे।
सोमवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में संभल कोतवाली और नखासा थाने की पुलिस डूंगर सराय पहुंची। मियां सराय निवासी रेहान की मां जैतून बेगम के नाम डूंगर सराय में तीन मंजिला मकान है। इसको जिला मजिस्ट्रेट संजीव रंजन के आदेश पर जब्त कर लिया गया है। पुलिस का मानना है कि गैंगस्टर रेहान 2003 से अपराध में सक्रिय है। गो तस्करी कर मकान बनाया है।