चंदौसी। गंगा किनारे के गांवों से होकर गुजरने वाली गंगा यात्रा एक जनवरी से शुरू नहीं हो सकी। अब यह यात्रा 27 जनवरी को बिजनौर से शुरू होगी और 28 जनवरी को संभल जिले से होकर गुजरेगी। इसमें केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के शामिल होने की संभावना है। इसलिए तीन नगर पंचायतों और गंगा किनारे बसे जिले के तीस गांवों में विकास कार्य कराने का जिम्मा 10 विभागों को सौंपा गया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी जाहिद हुसैन ने बताया कि गंगा यात्रा बिजनौर से शुरू होकर कानपुर जाएगी। पहले गंगा यात्रा तिथि एक जनवरी से पांच जनवरी तय की गई थी। लेकिन अब यह तिथि 27 से 31 जनवरी तय कर दी गई है। इसमें यात्रा 26 जिलों की 21 नगर पंचायतों, 1028 ग्राम पंचायतों, 1638 राजस्व गांवों से होकर गुजरेगी। जिसमें संभल जिले की तीन नगर पंचायतें और 30 राजस्व गांव शामिल हैं।
हर जिले में एक केंद्रीय मंत्री के शामिल होने की संभावना है। अन्य प्रदेश के मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधि, नेता तो रहेंगे ही। साथ ही यात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी शामिल होने और रात्रि विश्राम करने की भी संभावना है।
यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री संभल जिले से होकर गुजरने वाली गंगा में नौका विहार कर सकते हैं। इसलिए नगर विकास, पंचायती राज, शिक्षा, वन, युवा खेल व कल्याण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व आदि दस विभागों को इन सभी नगर पंचायतों और गांवों में कार्ययोजना बनाकर विकास कार्य कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी विभाग कार्य कर भी रहे हैं।