हेलीकॉप्टर से सिसौना डांडा पहुंचे सांसद धर्मेद्र यादव व पंचायती राज मंत्री रामगोेविंद चौधरी का गुन्नौर के विधायक राम खिलाड़ी सिंह यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष सोनम देवी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति यादव, सपा जिलाध्यक्ष फिरोज खां आदि ने स्वागत किया। सबसे पहले गंगा मेले के मुख्य गेट का फीता काटकर उदघाटन किया। गंगा पूजन, दुग्धाभिषेक किया। इसके बाद यहां बने मंच पर पहुंचे। यहां बदायूं के सांसद धर्मेद्र यादव ने कहा कि यह मेला ककोड़ा व तिगरी धाम की तरह ही प्रसिद्ध होगा।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष सोनम देवी,डीएम भूपेंद्र एस.चौधरी, पुलिस अधीक्षक बालेंदु भूषण सिंह, एएमओ महावीर सिंह यादव, सतीश प्रेमी, हरवीर यादव, अमित यादव आदि कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
मंच छोड़ संत से मिलने पहुंचे सांसद- सभा में अपने संबोधन के दौरान उस वक्त सन्नाटा छा गया जब सांसद धर्मेन्द्र यादव अचानक मंच छोड़ गाड़ी में बैठ गए। इसके बाद वे गंगा तट किनारे साधू मढ़ी के संत विष्णु देवानंद तिवारी निरंजनी अखाड़ा से मिलने के लिए पहुंचे। उनके पीछे सैकड़ों लोग पहुंच गए।
नेताओं की आदतों में इतनी ज्यादा सियासत घुल गई है कि धार्मिक आयोजनों में भी सियासी भाषण से बाज नहीं आते। इसका नजारा शनिवार को देखने में आया जब गंगा तट पर सिसौना डांडा में तिगरी व गढ़ मुक्तेश्वर की तर्ज पर शुरू किए गए गंगा मेला के उद्घाटन को आए प्रदेश के पंचायती राज मंत्री रामगोविंद चौधरी व सांसद धर्मेद्र यादव ने करेंसी बदलने के फैसले पर केंद्र सरकार पर जमकर प्रहार किया। इसे पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने और गरीबों को परेशान करने की कार्रवाई बताया।
गंगा मेले के उद्घाटन के बाद बदायूं के सांसद धर्मेद्र यादव ने कहा कि यह मेला ककोड़ा व तिगरी धाम की तरह ही प्रसिद्ध होगा। इसके बाद वह सियासी ट्रैक पर उतर आए। कालेधन की आड़ में मोदी सरकार ने जिस प्रकार से नोट बंदी का फैसला लिया है, उससे पूंजीपति नहीं बल्कि गरीब किसान, मजदूर परेशान हो रहे हैं। लोगों को शादियों के लिए धन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। किसान खाद नहीं ले पा रहे। भाजपा की नीयत में खोट है। पंचायती राज मंत्री रामगोविंद चौधरी ने कहा कि देश में जब से जनसंघ की स्थापना हुई, तभी से पूंजीपतियों की मदद की गई है।
आरएसएस के इशारे पर भाजपा पूंजीपतियों की हितैषी बनी हुई है। ग्राम विकास राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव ने कहा कि गंगा मेेला पूरे क्षेत्र की शान बनेगा। पूर्व विधायक प्रदीप कुमार उर्फ गुड्डू यादव ने नोटबंदी को लेकर भाजपा पर हमला बोला। इसके अलावा क्षेत्रीय विधायक रामखिलाड़ी सिंह यादव, जिलाध्यक्ष फिरोज खां, बिलारी विधायक मोहम्मद फहीम ने संबोधित किया।
रजपुरा। सिसौना मेला उद्घाटन अवसर पर विभिनन विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। श्रीहरिबाबा जनता इंटर कॉलेज गवां की छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय सिरसा की छात्राओं ने मयूर नृत्य कर सबको झूमने पर मजबूर कर दिया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालये की छात्राओं ने भी देशभक्ति गीतों से समां बांध दिया। वहीं लखनऊ के जादूगर आफताब अहमद ने जादू दिखा कर सबको चौंका दिया।