सरायतरीन के मोहल्ला मंगलपुरा में गणेश जी की शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु। संवाद
संभल। जिले में गणेश चतुर्थी के मौके पर मंदिरों, घरों और गली मोहल्लों में गणेश जी की मूर्ति स्थापित करते हुए श्रद्धालुओं ने विधि विधान से पूजा अर्चना शुरू की। श्री कल्कि नगरी संभल में गणेश जी की शोभायात्रा में श्रद्धालु भजनों पर थिरकते हुए गणपति बप्पा मोरया... के जयकारे लगाकर भक्ति में रमे नजर आए। गणेश जी की मूर्ति का विसर्जन छह सितंबर को किया जाएगा।
नगर के मोहल्ला हल्लू सराय में स्थित चामुंडा मंदिर से भक्तों ने गणेश जी की शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में पीले वस्त्रों में महिलाएं व युवतियों ने सिर पर कलश रखे। आगे चल रहे डीजे की धुन पर गणपति के भजनों ने सभी को थिरकने के लिए मजबूर कर दिया। लोगों ने जमकर गुलाल उड़ाया। छोटे शिव मंदिर के साथ ही घर घर विराजमान होने वाले गणेश जी की प्रतिमाएं भी शोभायात्रा में शामिल रहीं। शोभायात्रा चामुंडा देवी मंदिर से शुरू होकर पंचायत घर, बरेली सराय शिव मंदिर, जनता पेट्रोल पंप से होते हुए पंजाब नेशनल बैंक, सूर्य कुंड मंदिर से रहट वाला मंदिर, सरथल चौकी, चौधरी चरण सिंह पार्क, हल्लू सराय स्थित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा के नजदीक से होकर वापस चामुंडा मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई।
इसके बाद भक्तों ने मंदिर में भजन कीर्तन कर विधि विधान से मंदिर और घरों में गणेश जी की प्रतिमा की स्थापना की। इसमें पुजारी मुरली सिंह, दिनेश ठाकुर, रामकिशन ठकराल, कौशल ठाकुर, देवकी देवी, ज्योति, लता, शिवानी, भानु प्रताप, शिवा, युवराज, गुंजन, सानवी आदि रहे। कोतवाली के पास छोटा शिव मंदिर पर भी गणेश जी की प्रतिमा की शोभायात्रा निकाली गई।