चंदौसी (संभल)। प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। श्री गणेश मंदिर पर सुबह से ही पूजन के लिए महिला व पुरुष श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई। वहीं शहर के विभिन्न मोहल्लों व घरों में विराजे गणपति प्रतिमा लेकर ढोल नगाड़ों पर झूमते हुए श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजन कर घर और पंडालों में गणपति महाराज को विराजमान किया। 17 सितंबर अनंत चतुर्दर्शी तक पंडालों में नियमित धार्मिक आयोजन होंगे। इस दौरान गणपति बप्पा मोरया के उद्घोष गूंजते रहे।
शनिवार सुबह करीब पांच बजे से सीता रोड स्थित श्री गणेश मंदिर में पूजा अर्चना के लिए गणेश प्रतिमा को लेकर श्रद्धालुओं का पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। यहां मंदिर में पुजारी द्वारा प्रतिमाओं की पूजा अर्चना की जा रही थी। इसके बाद श्रद्धालुओं ने नाचते गाते प्रतिमाओं को अपने घरों और पड़ालों में विधि विधान विराजमान किया। अनंत चतुर्दशी को गणेश प्रतिमा को राजघाट और नरौरा गंगा घाट पर विसर्जित किया जाएगा। नगर के मोहल्ला मोती, सीता रोड, फड़याई बाजार, गणेश कालोनी, ब्रह्म बाजार, गोलागंज, कैथल गेट, स्टेशन रोड, शक्तिनगर, आवास विकास, विकास नगर, सुभाष रोड, आजाद रोड समेत विभिन्न मोहल्लों में गणपति महाराज के पंडाले सजाए गए हैं।
-
गणेश प्रतिमाओं की खूब हुई बिक्री
गणेश चतुर्थी पर घर-घर व पंडालों में गणेश प्रतिमाओं को विराजमान कर अनंत चतुर्दर्शी तक आराधना की जाती है। शहर में लगभग दस हजार घरों व स्थानों पर पंडाल लगाकर गणपति को विराजमान किया गया। शनिवार सुबह भी गणेश प्रतिमाओं की खूब बिक्री हुई। युवतियां, किशोरियां व बच्चे पूजन के बाद छोटी प्रतिमाओं को ले जाते नजर आए।
भक्तिभाव ने बढ़ा दी मोदक व बूंदी के लड्डू की मांग
भगवान गजानन को मोदक (बूंदी के लड्डू) का प्रसाद चढ़ाया जाता है। शनिवार सुबह से ही गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई। विधिवत पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान को बूुंदी के लड्डू व मोदक का भोग लगाया। शहर में ही करीब 10 से 11 क्विंटल लड्डू की बिक्री होने का अनुमान है।