संभल।
विद्युत उपभोक्ताओं को अब घर बैठे विद्युत सेवाओं का लाभ मिलेगा। इसके लिए पश्चिमांचल विद्युत वितरण खंड ने कंज्यूमर एप लांच किया है। एप के माध्यम से उपभोक्ता बिजली संबंधी अनुरोध दर्ज करा सकते हैं। एमडी ईशा दुहन ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
संभल के अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि विद्युत उपभोक्ता एप के जरिए बिजली के बिल का भुगतान, ट्रस्ट मीटर रीडिंग से स्वयं बिल जनरेट करना, ऑनलाइन भुगतान की स्थिति, बिजली खपत की जानकारी आदि सुविधा पा सकते हैं। यह एप विद्युत उपभोक्ताओं को, कभी भी कही से भी बिजली के बिल का भुगतान करने की सुविधा प्रदान करता है। इस एप के माध्यम से उपभोक्ता स्वयं मीटर रीडिंग दर्ज करके बिल भी जनरेट कर सकते हैं। यही नहीं, उपभोक्ता अपनी ऑनलाइन भुगतान की स्थिति भी जान सकते हैं। इसके अलावा बिजली खपत की हिस्ट्री ले सकते हैं। बताया कि उपभोक्ता नाम सुधार, पता सुधार, बिल सुधार अनुरोध, श्रेणी परिवर्तन अनुरोध के साथ-साथ सौर ऊर्जा रूफटॉप आवेदन के लिए ऑनलाइन आवेदन भी यहीं से कर सकते हैं। जिससे उन्हें कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इन सभी सेवाओं की जानकारी कंज्यूमर एप से मिलेगी।
विज्ञापन
बेहद सरल है एप का इस्तेमाल करना
- प्रबंध निदेशक ने बताया कि विद्युत उपभोक्ताओं के लिए इस एप का इस्तेमाल बेहद सुगम बनाया गया है। इस एप के माध्यम से भी उपभोक्ता घर बैठे विभिन्न सेवाओं की जानकारी प्राप्त करके लाभान्वित हो सकते हैं। एप को गूगल प्ले स्टोर/एप्पल स्टोर अथवा पीवीवीएनएल वेबसाइट https:/pvvnl.org से होम पेज पर डाउनलोड कंज्यूमर एप बटन पर क्लिक करके इसे डाउनलोड किया जा सकता है।
कोट
- समय-समय पर विद्युत उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए नए-नए प्रयास होते हैं। अब एप लांच हुआ है। उपभोक्ताओं से वे इसका लाभ लेने का आह्वान करते हैं। - नवीन गौतम, एक्सईएन, संभल।