चंदौसी। इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद बिसौली की किशोरियों से मिलने साहिबाबाद का युवक चंदौसी आ पहुंचा। बदायूं चुंगी के निकट पर बैठे तीनों को होमगार्ड की सूचना पर एंटी रोमियो टीम ने पकड़ लिया और थाने ले आई। आरोपी युवक के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज है तथा किशोरी परिजनों के सुपुर्द कर दी है।
बुधवार की दोपहर बदायूं चुंगी के निकट पर दो किशोरियों के बीच में एक युवक बैठा था। काफी देर से वह अश्लीलता कर रहा था। वहां तैनात ट्रैफिक होमगार्ड ने एंटी रोमियो टीम को सूचना दी। एंटी रोमियो प्रभारी निरीक्षक सीताराम आरोपी युवक व दोनों किशोरियों को लेकर कोतवाली ले आए। वहां पूछताछ करने पर युवक ने बताया कि उसका नाम अनस है और साहिबाबाद का रहने वाला है।
बताया कि इंस्टाग्राम पर दोनों लड़कियों से दोस्ती हुई थी। दोनों किशोरी बदायूं के कस्बा बिसौली की रहने वाली है। पुलिस ने परिजनों के मोबाइल नंबर लेकर उन्हें सूचित कर दिया। बुधवार की देर शाम हिदायत देकर दोनों किशोरियों को परिजनों के हवाले कर दिया। एंटी रोमियो प्रभारी निरीक्षक सीताराम की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अनस के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।