जुनावई। रक्षाबंधन पर राखी बंधवाने जा रहे लोगों के साथ हाईवे पर दो अलग-अलग हादसे हो गए। बाइक भिड़ंत में भाई-बहन समेत चार लोग घायल हो गए। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
पहला हादसा धनारी थाना क्षेत्र के गांव हरफरी निवासी लोकेश कुमार के साथ हुआ। वह अपनी बहन गुड्डो के साथ बाइक से जुनावई थाना क्षेत्र के गांव गंगुर्रा में ननिहाल राखी बंधवाने जा रहे थे। मेरठ-बदायूं हाईवे पर सामने से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों गिरकर घायल हो गए। आरोपी चालक मौके से भाग गया।
राहगीरों ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। दूसरा हादसा गांव करिया खेड़ा बगुर्रा निवासी भूरे सिंह के साथ हुआ। वह अपनी मां लौंगश्री के साथ बाइक से मामा को राखी बंधवाने जा रहे थे। हाईवे पर धनीपुर गांव के पास उनकी बाइक दूसरी बाइक से भिड़ गई। हादसे में मां-बेटे दोनों घायल हो गए। हादसों से त्योहार के दिन परिजनों में चिंता रही। थानाध्यक्ष धीरज सिंह ने कहा कि इन हादसों को लेकर किसी की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।