बनियाठेर। गुमथल रोड पर सोमवार दोपहर करीब 3:45 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक और ई-रिक्शा की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
चंदौसी के अशोक नगर निवासी महिपाल सिंह बाइक से गुमथल की ओर जा रहा था। बताया गया कि वह शराब के नशे में था। उसकी बाइक पर रखे बैग में 15 से 20 देसी शराब के क्वार्टर थे। चंदौसी से करीब एक किलोमीटर आगे उसने गलत साइड जाकर ई-रिक्शा में टक्कर मार दी।
यह ई-रिक्शा जमालपुर से सवारियां लेकर आ रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा पलट गया। उसका अगला हैंडल भी टेढ़ा हो गया। बाइक सवार महिपाल भी सड़क पर गिर पड़ा और शराब के क्वार्टर सड़क पर बिखर गए।
हादसे में ई-रिक्शा में सवार रेखा (27), ममता (35) और ई-रिक्शा चालक हुकुम सिंह (27) गंभीर रूप से घायल हुए। बाइक सवार महिपाल भी घायल हो गया। सूचना पर यूपी-112 और मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को गुमथल रोड स्थित मौर्य निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी बोबिंद्र कुमार ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है और बाइक कब्जे में ले ली गई है।