संभल। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को संभल आएंगे। वह होली सुफ्फाह स्कूल में बन रहे हेलीपैड पर उतरने के बाद दीपासराय पहुंचकर सांसद रहे डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क को श्रद्धांजलि देंगे। उनके आगमन की तैयारियां मंगलवार की देर शाम तक की गईं।
बुधवार की दोपहर 12: 20 बजे सुफ्फाह स्कूल में हेलीपैड पर पूर्व मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरेगा। इसके बाद वह कार से सांसद डॉ. बर्क के आवास पर पहुंचकर उनके परिवार से मुलाकात करेंगे। दसवें की फातिहा में शामिल होने के साथ ही करीब एक घंटा रहेंगे। बताया कि दसवें की फातिहा हुसैनी रोड स्थित सगीर पैलेस में होगी। वहीं दूसरी ओर सपाइयों का मंगलवार को दिनभर जमाबड़ा लगा रहा।
संभल लोकसभा सीट के लिए प्रत्याशी भी घोषित कर सकते हैं अखिलेश यादव
संभल। सपा ने संभल लोकसभा से डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क को प्रत्याशी घोषित कर दिया था। बीमारी के चलते सांसद व प्रत्याशी डॉ. बर्क का निधन हो गया। कयास लगाए जा रहे हैं कि बुधवार को डॉ. बर्क को श्रद्धांजलि देने संभल आ रहे पूर्व सीएम अखिलेश संभल से लोकसभा प्रत्याशी की घोषणा भी कर सकते हैं।
डॉ. बर्क के निधन के बाद उनके पोते कुंदरकी से सपा विधायक जियाउर्रहमान बर्क उनकी विरासत को आगे बढ़ाने की बात कहकर लोकसभा चुनाव लड़ने का एलान कर चुके हैं। वहीं दूसरी ओर सपा विधायक इकबाल महमूद संभल लोकसभा सीट से सपा के टिकट के दावेदार हैं। लोगों के बीच सवार उठ रहा है कि संभल संसदीय सीट से सपा प्रत्याशी इन दोनों में से कोई एक होगा या र्भ्टी कोई तीसरा या बड़ा चेहरा मैदान में उतारेगी।