चंदौसी रेलवे स्टेशन पर कुछ इस तरह तैयार हो रहा फूड प्लाजा - संवाद
- फोटो : shiv tripathi
चंदौसी(संभल)। नगर के रेलवे स्टेशन पर खानपान के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा। आईआरसीटीसी की ओर से जल्द ही आरपीएफ कार्यालय के बराबर फूड प्लाजा की शुरूआत की जा रही है। रेलवे की ओर से फूड प्लाजा का ठेका भी दे दिया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि एक जनवरी से फूड प्लाजा की शुरुआत करा दी जाएगी।
चंदौसी रेलवे स्टेशन पर एक दर्जन से ज्यादा एक्सप्रेस व लोकल रूट की ट्रेनें गुजरती है। ऐसे में सैकड़ों की संख्या में यहां यात्रियों की आवाजाही रहती है। रेलवे स्टेशन पर कोई फूड प्लाजा न होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्टेशन फूड प्लाजा संचालक प्रमोद गुप्ता ने बताया कि फूड प्लाजा में करीब 50 से 60 यात्रियों के एक साथ खड़े होकर स्टैंड टेबल पर खाने की व्यवस्था होगी। टी, चाय, समोसे, वेज पकौड़ा, राजमा चावल के अलावा अन्य काफी व्यंजन उपलब्ध होंगे। यात्रियों के अलावा आम लोग भी फूड प्लाजा पर लजीज व्यंजनों का स्वाद ले सकते हैं।
स्टेशन अधीक्षक राजू कुमार ने बताया कि फूड प्लाजा का ठेका सौंप दिया गया है। जल्द ही इसकी शुरुआत हो जाएगी। इससे यात्रियों को खानपान का समान स्टेशन पर ही उपलब्ध हो जाएगा।