संभल। ऐंचोड़ा कंबोह थाना क्षेत्र के गांव सिरपुड़ा निवासी इशरत अली के पांच वर्षीय बेटे शान को मंगलवार की सुबह खूंखार कुत्तों ने नोचकर मार डाला। शान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। देर शाम बच्चे के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
किसान इशरत अली ने बताया कि उनका बेटा शान सुबह करीब नाै बजे घर के बाहर अकेला ही खेल रहा था। इसी दौरान कुत्तों का झुंड बच्चे पर टूट पड़ा। चीख सुनकर जब तक परिजन और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे तब तक कुत्तों ने बच्चे को बुरी तरह जख्मी कर दिया था।
बच्चे के चेहरे के साथ ही शरीर के अन्य अंगों पर गहरे जख्म हो गए थे। उसे इलाज के लिए परिजन तुरंत सीएचसी असमोली ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान बच्चे की माैत हो गई। बच्चे की माैत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इशरत अली ने बताया कि वह बच्चे का जल्द ही स्कूल में दाखिला कराने वाले थे, लेकिन पहले ही कुत्तों ने जान ले ली। मृतक के मामा दानिश ने बताया कि गांव में काफी कुत्ते हैं। शिकायत के बाद भी कुत्तों को पकड़ने की कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है। आए दिन कुत्ते लोगों पर हमला करते रहते हैं।