बहजोई। दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक बालिका व एक महिला समेत पांच लोग घायल हुए हैं। इनमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बालिका समेत 4 लोगों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
सोमवार दोपहर करीब सवा बारह बजे मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर बहजोई-बबराला के बीच गांव भागनगर पर गोवंशीय पशु के सामने आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और चंदौसी निवासी बुजुर्ग वीर सिंह पुत्र नैनसुख व कोतवाली बहजोई के गांव कनेटा निवासी चुन्नीलाल पुत्र घनश्याम घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
वहीं दोपहर करीब साढ़े बारह बजे हाईवे पर ही बहजोई-बबराला के बीच गांव उधरनपुर के निकट ट्रैक्टर की चपेट में आकर बाइक सवार जिला बदायूं के थाना इसलामनगर निवासी युवक नवीन पुत्र अतुल व उसकी बहन गौरी समेत महिला राजवाला पत्नी पवनेश घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद नवीन व गौरी को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।