गवां(संभल)। रजपुरा थाना क्षेत्र में तीन बाइकें आपस में भिड़ गईं। इस हादसे में दंपती समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव चंदूनगला निवासी किशनपाल (28) शनिवार की देर शाम कस्बा गवां से अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वह गांव रसूलपुर के निकट पहुंचे, उसी समय गांव पवसरा निवासी भानु उर्फ पुष्पेंद्र (24) बाइक से गांव लहरा रातू अपनी बहन पुष्पा को छोड़ने जा रहे थे और इसी दौरान अमरोहा जनपद क्षेत्र के सैदनगली कोतवाली निवासी श्याम (34) मलिकपुर से अपनी पत्नी शिवानी के साथ अपने घर जा रहे थे। तीनों बाइकें आपस में भिड़ गईं। इसमें यह सभी लोग घायल हो गए। राहगीर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को रजपुरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। जहां चिकित्सकों ने घायलों को प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर रेफर किया है। किशनपाल की हालत गंभीर बनी हुई है। संवाद