चंदौसी। थाना कुढफतेहगढ़ के गांव रतनपुर के पास टेंपो की आमने-सामने की टक्कर से एक मासूम सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में उपचार कराया गया, दो को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बरेली के थाना आंवला के गांव बेरीखेड़ा निवासी सपना पत्नी संजीव, उनकी एक वर्षीय बेटी मान्या, बहन सारिका, भतीजी कोमल के साथ कुढ़फतेहगढ में रिश्तेदारी में आए थे। वहां से टेंपो में सवार होकर अलीपुर बुजुर्ग जा रहे थे। गांव रतनपुर के पास सामने से आ रहे टेंपो से उनके टेंपो की टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो में सपना, मान्या, सारिका, कोमल, इसी टेंपो में सवार गांव मुडिया निवासी 11 वर्षीय नवनीत घायल हो गए। दूसरे टेंपो में सवार लोगों मामूली रूप से चोटिल हो गए।
पहले टेंपो में सवार पांच घायलों को यूपी डायल 112 ने उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सपना, उसकी बेटी मान्या को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दूसरे टेंपो में सवार लोग मौके पर से ही गंतव्य की ओर चले गए। हादसे के एक टेंपो चालक मौके से फरार हो गया। दूसरे को पुलिस ने पकड़ लिया है।