बहजोई (संभल)। गांव सादातबाड़ी में डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। गांव में अब तक चार लोगों की डेंगू से मौत हो चुकी है। जबकि 40 से ज्यादा लोग डेंगू की चपेट में हैं। मंगलवार को गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की जांच की गई। जिसमें पांच लोग डेंगू पीड़ित मिले। सभी को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
बहजोई के गांव सादातबाड़ी में डेंगू का प्रकोप बढ़ने पर मंगलवार को चिकित्साधिकारी डॉ. अमिता सिंह व एलटी शुभम यादव की टीम ने शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। सीएचसी प्रभारी डॉ. विरास ने बताया कि शिविर में की गई ओपीडी के दौरान 81 में से 68 लोग बुखार पीड़ित मिले। जबकि 13 को खांसी व शरीर में दर्द आदि रहा। इसके अलावा खून की जांच के तहत 37 लोगों की मलेरिया व 10 की टाइफाइड की जांच की गई। इनमें से किसी में भी मलेरिया व डेंगू की शिकायत नहीं मिली। वहीं 32 लोगों की डेंगू की जांच की गई। जिसमें पांच लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई।