जुनावई(संभल)। थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव के जंगल में शुक्रवार को पशुओं को पानी पिलाते समय ट्यूबवेल के पास भरे पानी में करंट उतरने से किसान की पांच भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो भैंसें झुलस गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पशु चिकित्सक को बुलाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई।
बदायूं जिले के थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव समसपुर भूड़ निवासी किसान अवधेश कुमार अपने पशुओं को चराने के लिए अक्सर सीमावर्ती जमालपुर क्षेत्र में आते हैं। शुक्रवार शाम वह पशुओं को चराने के बाद लौट रहे थे और रास्ते में जमालपुर निवासी सोमवीर के ट्यूबवेल पर भैंसों को पानी पिलाने के लिए रुक गए।
बताया गया कि जैसे ही भैंसों ने नलकूप के पास भरे पानी को पीना शुरू किया, उसमें अचानक हाई वोल्टेज करंट उतर आया। इससे पांच भैंसें करंट की चपेट में आकर तड़पने लगीं। आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बिजली आपूर्ति बंद कराई, लेकिन तब तक पांच भैंसों की मौत हो चुकी थी। दो अन्य भैंसें झुलस गईं।
घटना से किसान को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और पशु चिकित्सा विभाग को बुलाया। थाना प्रभारी धीरज सिंह ने बताया कि भैंसों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पानी में करंट आने के कारण की जांच की जा रही है।