चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के गांव बर्रई के जंगल में मिट्टी के खनन को लेकर दो पक्षों में आमने सामने आ गए। आरोप है कि एक पक्ष ने मिट्टी का खनन कर रहे लोगों से रंगदारी मांगी। रंगदारी न देने पर तमंचे से फायर किया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को रंगदारी मांगने की तहरीर भी दी है। पर पुलिस मामूली कहासुनी की बात कह रही है।
चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के गांव बर्रई निवासी राशिद गांव के जंगल में मिट्टी भरान के लिए खनन कर रहा था। बुधवार की रात चंदौसी के कुछ लोग पहुंचे और मिट्टी खनन के लिए पैसे मांगे। पैसे न देने पर दोनों पक्षों में कहासुनी भी हुई है। आरोप है कि इस दौरान दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति ने तमंचे से फायर भी किया। फायर से वहां भगदड़ मच गई। इस मामले में बर्रई के लोगों ने चंदौसी कोतवाली पुलिस से शिकायत की है। आरोप है कि वह मिट्टी के खनन की अनुमति लेकर काम कर रहे थे। कुुछ लोगों ने वहां जाकर खनन के काम के बदले रंगदारी मांगी। अभी तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। चंदौसी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र पंवार का कहना है कि फायरिंग की बात गलत है। किसी ने कोई फायर नहीं किया था। मामूली विवाद हुआ था। वह निपट गया है।