थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव गुमथल में सोमवार की शाम सात बजे पटाखे से निकली चिंगारी से टैंट की दुकान में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान में आग लगने पर ग्रामीणों ने पानी डालकर आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद अग्निशमन की गाड़ी मौके पर पहुंची। आग से 90 प्रतिशत दुकान में रखा सामान स्वाह हो गया।
गांव गुमथल में सोमवार की शाम को दिवाली पर लोग पटाखे छोड़कर खुशी मना रहे थे। तभी शाम सात बजे पटाखे से निकली चिंगारी से अनिल की टैंट के दुकान में आग लग गई। घटना के समय अनिल परिवार के साथ पूजन कर रहा था। घटना की सूचना मिलने पर अनिल व उसके परिजन तथा काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दुकान में लगी आग से गांव में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। कुछ ही देर में दुकान से आग की ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगी। आसपास के लोग दिवाली की खुशियों को छोड़कर आग बुझाने में जुट गए।
इसके बाद ग्रामीणों ने पानी से आग बुझाने का कार्य प्रारंभ कर दिया। पानी डालने से आग और भड़क गई करीब दो घंटे के प्रयास के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। पीड़ित दुकानदार अनिल ने बताया कि आग बुझने के बाद मौके पर अग्निशमन की गाड़ी पहुंची। टैंट दुकान स्वामी अनिल ने बताया कि आग से दुकान में लगा टैंट का 90 प्रतिशत सामान जलकर स्वाह हो गया। आग से दुकान स्वामी को दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।