संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र गांव हैबतपुर में शादी समारोह के दौरान किसी ने जलती हुई सिगरेट आलू के कट्टों पर फेंक दी। जिससे आग भड़क गई। लोगों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। लेखपाल ने भी जांच पड़ताल की।
गांव हैबतपुर निवासी मुर्शरफ की बेटी की बरात रविवार को गांव मंडी किशनदास सराय से आई थी। शादी समारोह में परिवार व पड़ोस के लोग भी शामिल हुए। शाम को करीब पांच बजे किसी ने पीने के बाद जलती सिगरेट पास में ही रखे आलू के कट्टों पर फेंक दी। जिससे आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटें उठीं तो लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का काम शुरू कर दिया।
अफरातफरी के माहौल के बीच लोगों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। आग से रिफाकत के आलू के करीब 2000 कट्टे और मुनव्वर के करीब 1300 आलू के कट्टे जल गए। रिफाकत ने 3.50 लाख रुपये का नुकसान होना बताया, जबकि मुनव्वर का कहना रहा कि आग की घटना में 1.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ। आग की सूचना मिलने पर लेखपाल ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। नुकसान के आंकलन को लेकर तहसील प्रशासन को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।