ओबरी(संभल)। असमोली थाना क्षेत्र के ओबरी गांव में मनोटा-रतनपुर कलां मार्ग पर जनरल स्टोर में शुक्रवार को आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास में दुकान में मौजूद तीन बच्चे झुलस गए। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े और आग पर काबू पाया। आग कैसे लगी इस बात की जानकारी नहीं हो पाई है।ओबरी गांव के निवासी मुनव्वर हुसैन मनोटा-रतनपुर कलां मार्ग पर जनरल स्टोर चलाते हैं। शुक्रवार शाम करीब चार बजे दुकान स्वामी दुकान पर अपने तीन बच्चों मोहम्मद रजा (12), अरबी (8) और हैदर अली (6) को छोड़कर कहीं गया था। इसी दौरान दुकान में आग लग गई। पहले तो तीनों बच्चों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने दुकान में रखे नमकीन, बिस्किट, बीड़ी, सिगरेट, दाल, चीनी, साबुन, किताबें, बैग, छतरी समेत सामान जलकर राख हो गया।