मढ़न। विकासखंड असमोली के गांव बुकनाला सादात में पानी की टंकी के पास स्थित ट्रांसफार्मर के तारों में रविवार को एक बार फिर आग लग गई। ग्रामीणों के अनुसार जमीन से करीब दो फीट ऊंचाई पर रखे 100 केवीए ट्रांसफार्मर के नीचे लटक रहे तारों में रविवार शाम करीब चार बजे अचानक आग की लपटें उठीं। इससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खुले स्थान पर होने के कारण इसके आसपास बच्चों और राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके पर एकत्र होकर बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई और ट्रांसफार्मर के चारों ओर सुरक्षा जाल (फेंसिंग) लगवाने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार विभागीय अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
प्रदर्शन में मोहम्मद तसलीम, जाफर, अली ज़मा, मोहम्मद जफीर, ज़मा हैदर सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में कोई बड़ा हादसा होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी। उन्होंने सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।