गुन्नौर। नगर के टंकी मोहल्ला स्थित जर्जर सरकारी आवास में शनिवार देर शाम हादसा हो गया। खाना बनाते समय अचानक गैस सिलिंडर में आग लग गई। देखते-ही-देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर में रखा कपड़ा और गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटों के बीच घर में मौजूद तीन छोटे बच्चों को बचाने के प्रयास में दंपती गंभीर रूप से झुलस गए।
टंकी मोहल्ला के सरकारी आवास में सनी अपनी पत्नी तरन्नुम और तीन छोटे बच्चों के साथ रहते हैं। शनिवार देर शाम तरन्नुम घर में खाना बना रही थी, तभी अचानक सिलिंडर ने आग पकड़ ली। कुछ ही पलों में आग पूरे कमरे में फैल गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक घर का सारा सामान जल चुका था। हादसे में सनी और तरन्नुम दोनों झुलस गए।
सूचना पर डायल-112, फायर ब्रिगेड और गुन्नौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार और चौकी प्रभारी योगेश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने तरन्नुम की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है, जबकि सनी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि सिलिंडर में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।