संभल। सड़क से लेकर खेत-खलिहान तक छुट्टा घूमते पशुओं की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रशासन भरसक प्रयास कर रहा है, पर आम लोगों द्वारा पशुओं को छुट्टा छोड़ दिया जा रहा है।
यही नहीं, टैग लगे पशुओं को भी छोड़ा जा रहा है। इससे निपटने के लिए प्रशासन निगरानी कराएगा और जो टैग लगे पशु छुट्टा दिखेंगे तो संंबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी। संभल ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी प्रेमपाल सिंह ने बताया आमतौर पर लोग ही अपने गोवंशीय पशुओं को खुला छोड़ देते हैं। दुधारू गोवंशीय पशुओं को तब तक ही रखा जाता है, जब तक वह दूध दे रहा हो, पर बाद में उसे खुला छोड़ दिया जाता है। यह स्थिति बड़ी चिंताजनक है। दूसरी ओर, टैग लगे पशुओं को भी लोग छोड़ देते हैं, यह बड़ी समस्या पैदा करते हैं।गोशालाओं की क्षमता वृद्धि की तैयारी
संभल ब्लॉक क्षेत्र में वर्तमान में सात गौशालाएं हैं और तीन बनकर तैयार होने वाली हैं। इन गौशालाओं में 800 पशु संरक्षित हैं। बीडीओ प्रेमपाल सिंह ने बताया कि पहले जो गौशालाएं हैं, उनमें क्षमता वृद्धि कर दी जाएगी। ताकि तत्काल समस्या का समाधान हो सके। ततारपुर रोड समेत कई गौशालाएं ऐसी हैं, जहां पर क्षमता वृद्धि हो सकती है, वहां पर क्षमता वृद्धि पहले की जाएगी।