बहजोई (संभल)। डायग्नोस्टिक सेंटर सील करने को लेकर एसीएमओ को धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी सेंटर संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
प्रभारी निरीक्षक रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अजय कुमार वर्मा की ओर से कोतवाली में तहरीर देकर दर्ज कराए गए मामले में बताया गया कि बीते दिनों बरेली की महिला चिकित्सक की ओर से जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर बताया गया था कि बिना अनुमति के डायग्नोस्टिक सेंटर पर उनके अभिलेख लगाकर अल्ट्रासाउंड सेंटर का संचालन किया जा रहा था। इस पर जिला प्रशासन के आदेश पर नायब तहसीलदार के साथ कार्रवाई करते हुए सेंटर को सील किया गया था। इसके बाद संचालक की ओर से सील तोड़कर सेंटर का संचालन किया जा रहा था। बाद में फिर कार्रवाई करते हुए सेंटर को दोबारा सील कर विभाग की ओर से एफआइआर दर्ज कराई गई थी। पूरे मामले में अब डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक की ओर से लगातार धमकियां दी जा रही हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि एसीएमओ की तहरीर के आधार पर यश डायग्नोस्टिक के संचालक सिरोही के खिलाफ धोखाधड़ी व जान से मारने की धमकी समेत मेडिकल एक्ट की दो धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।