संभल। नगर की सीमा से सटे रुकनुद्दीनसराय गांव में जल निगम द्वारा बिछाई गई पाइप लाइन से जनता को स्वच्छ पेयजल मिलता है। लेकिन अधिकतर लोग समय पर पानी का बिल अदा नहीं करते। तमाम लोग पानी का खुलेआम दुरुपयोग कर रहे हैं। जल निगम ने पानी के दुरुपयोग को देखते हुए अब जुर्माना लगाने का एलान किया है। इसके लिए माइक से एनाउंसमेंट कराया गया है।
जनता को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए दो करोड़ रुपये की योजना चालू की गई थी। घरों में कनेक्शन दिए गए। लेकिन लोग समय पर पानी का बिल अदा नहीं कर रहे हैं। जिससे योजना के संचालन में बाधा आ रही है। वहीं दूसरी बड़ी समस्या जल की बर्बादी की है। कोई पाइप लगाकर भैंस को नहला रहा है तो कोई व्यक्ति वाहन धोने में स्वच्छ पेयजल का उपयोग कर रहा है। इस पर रोक लगाने के लिए जल निगम ने एनाउंसमेंट कराया है।
माइक के जरिए कराई गई एनाउंसमेंट में जल के अधिशासी अभियंता की ओर से पब्लिक को पेयजल संरक्षण और पेयजल के सदुपयोग की जानकारी दी गई। पानी की बर्बादी करने वालों को कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। कहा गया है कि अगर कोई व्यक्ति पानी का दुरुपयोग करते पाया जाता है तो उस पर 2000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इस तरह का जुर्माना अब तक पंजाब में लगाया गया है।
जल निगम के अवर अभियंता विशाल रुहेला ने कहा कि जल निगम रुकनुद्दीनसराय की योजना का संचालन कर रहा है। लेकिन तमाम उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्हें यह गलतफहमी हो गई है कि सरकारी जल निशुल्क है। उनका कहना है कि जल निशुल्क नहीं है। इसके लिए प्रतिमाह नियमित शुल्क देय है। जो लोग पानी का उपयोग करने के बाद भी बिल अदा नहीं कर रहे हैं ऐसे सभी लोगों को चिह्नित कर नोटिस देकर उनके घरों के कनेक्शन काटे जाएंगे।