बहजोई। ग्रामीणों की शिकायतों के आधार पर की गई जांच में जारी किए गए नोटिस का संतुष्टिपूर्ण जवाब न देने पर ब्लॉक बहजोई के गांव दिलगौरा की ग्राम प्रधान कुसुमवती के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकारियों को प्रतिबंधित किया गया है। पूरे मामले में ग्राम प्रधान पर विकास कार्यों के भुगतान में करीब साढ़े पांच लाख रुपये की अनियमितता बरते जाने का आरोप है। डीपीआरओ के मुताबिक बीते दिनों ग्रामीणों की ओर से ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाया गया था। इस पर मामले की जांच के लिए जांच अधिकारी नामित किए गए थे। जांच में सामने आया कि विकास कार्यों आदि में किए गए 5,52,561 रुपये के भुगतान में अनियमितता की गई। इसको लेकर ग्राम प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी कर 15 दिन में जवाब देने की बात कही गई थी। इसके बाद ग्राम प्रधान की ओर से दिया गया जवाब संतुष्टिपूर्ण नहीं था। इस पर ग्राम प्रधान के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकारों को प्रतिबंधित करने की कार्रवाई की गई है। साथ ही पूरे मामले की अंतिम जांच के लिए डीडीएजी व एक्सईएन आरईडी को जिम्मेदारी दी गई है।