सिरसी। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के सिरसी में चुनावी रंजिश को लेकर हुई छींटाकशी में दो पक्षों में लाठी डंडे और ईंट पत्थर चले। पथराव किया गया। घटना में दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हो गए। विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
सिरसी के मोहल्ला सादक सराय में रोडवेज के पीछे पूर्व चेयरमैन मोहम्मद वसीम खां और कल्लू खां का एक ही सड़क पर घर है। बुधवार की शाम को चुनावी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में छींटाकशी हुई। गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों में लाठी डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। लाठी डंडों के साथ ईंट पत्थर चले। जिसमें प्रथम पक्ष से कल्लू खां व रईस आलम और दूसरे पक्ष से पूर्व चेयरमैन का बेटा अजीम खां घायल हो गए। सूचना मिलने पर सिरसी चौकी इंचार्ज संदीप बालियान और थाना प्रभारी रामवीर सिंह मौके पर पहुंचे। घायलों को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया। थाना प्रभारी रामवीर सिंह ने बताया कि विवाद में तीन लोग घायल हुए हैं। जिन्हें मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया है। तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।