बनियाठेर (संभल)। गांव मानकपुर नरौली में युवक के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए ससुराल वालों ने मृतक की पत्नी के नाम जमीन कराने की मांग रख दी थी। इस बात से गुस्साए मृतक के भाई ने उसके साले के साथ हाथापाई कर दी। पीड़ित थाने शिकायत लेकर पहुंचे, तो पुलिस ने दोनों को समझा बुझाकर वापस भेज दिया।
गांव मानकपुर नरौली निवासी जितेंद्र की शुक्रवार को ट्रेन के आगे आने पर मौत हो गई थी। शनिवार को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मृतक के ससुराल वाले भी पहुंचे। अंतिम संस्कार से पहले ही मृतक के साले थाना बिसौली के गांव ढोडनपुर निवासी शिवेक ने मृतक के नाम पर दर्ज जमीन को अपनी बहन के नाम कराने की मांग रख दी। इस बात से मृतक का भाई मुनेश आक्रोशित हो गया और शिवेक के साथ मारपीट की। इसके बाद मृतक के ससुराल वाले एकत्र होकर थाने पहुंच गए। मारपीट की शिकायत पर पुलिस ने मृतक के पिता, ग्राम प्रधान व अन्य लोगों को थाने बुलवा लिया। मृतक के पिता ने अंतिम संस्कार के बाद जमीन नाम कराने की बात कही। पुलिस ने दोनों को समझा बुझाकर वापस भेज दिया।